Wednesday, January 4, 2023

शीत लहर के बावजूद आईसीसीआर और प्राचीन कला केंद्र की एक नई पहल

Wednesday 4th January 2023 at  08:01 PM

पंजाबी लोक गीतों और लोक नृत्यों की एक रंगीन शाम का आयोजन

आईसीसीआर की हॉरिजोन  सीरीज के तहत इस संगीत संध्या का आयोजन किया


चंडीगढ़
//मोहाली: 4 जनवरी 2022: (कार्तिका सिंह//संगीत स्क्रीन डेस्क)::

कलियुग के इस दौर में जब शीत लहर के मुकाबले का बहाना बना कर नशे के दौर चलते हैं और इस तरह के बहुत से दुसरे आयोजन भी होते हैं उस समय भारतीय संगीत कला को समर्पित दो प्रतिष्ठित संस्कृतिक संस्थाएं अभी भी स्वस्थ मनोरंजन और सच्ची कला की साधना के पथ पर अग्रसर हैं। आईसीसीआर और प्राचीन  कला केंद्र के संयुक्त तत्वाधान में  आज इसी बात को साबित करता एक और आयोजन हुआ। यह आयोजन पंजाबी लोकगीतों और लोक नृत्य पर आधारित था। इस रंगारंग संध्या का आयोजन प्राचीन कला केंद्र के डॉ शोभा कौसर सभागार, सेक्टर-71, मोहाली में शाम पांच बजे से किया गया। देखते ही देखते माहौल पूरी तरह से कला के रंग में रंग गया। पंजाब के गीत और पंजाबी भगंडा के बार फिर छाए रहे। 

इस कार्यक्रम में पंजाब के प्रसिद्ध कलाकार आत्मजीत सिंह की टीम ने उनके मार्गदर्शन में पंजाबी लोक संगीत के सभी रंग जैसे गिद्दा भांगड़ा, झूमर, गीत आदि प्रस्तुत किए। हर आइटम कमाल की रही। दर्शकों और श्रोताओं को लुभाते हुए, झूमने के मूड में लाती हुई हुए पाँव को थिरकन का अहसास दिलाते हुए यह सही आइटमें बहुत ही सफलता से मंच पर मंचित हुईं। 

एस ए एस नगर के डिप्टी कमिश्नर श्री अमित तलवार आईएएस ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और सीनियर सिटीजन एसोसिएशन चैप्टर 3 मोहाली के अध्यक्ष श्री प्रिंसिपल चौधरी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस मौके पर केंद्र की रजिस्ट्रार डॉ. शोभा कौसर, सचिव सजल कौसर और आईसीसीआर के क्षेत्रीय सलाहकार प्रो. हरविंदर सिंह भी मौजूद थे। 


कार्यक्रम की शुरुआत एक भक्ति गीत 'शुकर दाता तेरा शुक्र दाता'
से हुई, इसके बाद एक लोक आर्केस्ट्रा का प्रदर्शन किया गया, जिसमें सभी लोक वाद्यों की भूमिका और जीवन से दर्शकों को परिचित कराया गया, इसके बाद लुड्डी  नामक एक पंजाबी लोक नृत्य का मंचन किया गया जिसका  दर्शकों ने खूब आनंद लिया। इसके उपरांत लोक गीत लम्बी धौन कसीदा कड़दी पेश किया गया।  इसके बाद 50 प्लस युवकों द्वारा  झूमर प्रस्तुत किया गया , जिसे दर्शकों की खूब वाहवाही भी मिली। यह शानदार आइटम सचमुच जानदार भी थी। दमदार ज़िंदगी जीने की प्रेरणा देती हुई आइटम पंजाब के जज़्बे और जोश को भी ब्यान करती थी। 

कार्यक्रम के अगले भाग में हमेशा से पंजाबियों का पसंदीदा लोकगीत मिर्ज़ा प्रस्तुत किया गया, जिसके बाद इस कार्यक्रम में लड़कियों के गिद्धों ने अलग-अलग रंग बिखेरे जिस से दर्शक भी झूम उठे। 

इसके बाद लोकप्रिय पंजाबी गीत तूड़ी तंद  सौन हाड़ी  वेच वटके की प्रस्तुति दी गई और  इस गीत ने दर्शकों  को भी झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम का अंत भांगड़ा के बिना अधूरा है इसलिएज़ोरदार भांगड़ा के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। दर्शकों ने इस रंग बिरंगी शाम का खूब लुत्फ उठाया।

Saturday, October 1, 2022

प्राचीन कला केंद्र में हुआ नयी परंपरा का आगाज़

केंद्र में महसुस हो रहा था अंतर्राष्ट्रीय स्तर का आयोजन 

चंडीगढ़: 1 अक्टूबर 2022: (कार्तिका सिंह//संगीत स्क्रीन):: 
वो लोग जिन्होंने या तो हमेशां अपनी मातृभाषा बोली या फिर केवल अंग्रेज़ी। भारत की कोई भाषा उन्हें नहीं आती। न वे लोग समझ सकते हैं और न ही बोल सकते हैं। भाषा की इस कठिनाई के बावजूद चंडीगढ़ के प्राचीन कलाकेंद्र में ये विदेश कलाकार और भारत के कलाकार इस तरह एक दुसरे में घुलमिल गए थे जैसे जन्मों जन्मों से एक दुसरे को जानते हों। कला को और शिद्दत से सीखने की प्यास और कला के साथ अंतरंगता ने यह चमत्कार भी कर दिखाया था। माहौल अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक माहौल बना हुआ था। कोई धर्म नहीं, कोई सीमा नहीं, कोई जातिपाति नहीं, कोई धर्म नहीं....! केवल एक ही मज़हब था-कला का मज़हब। प्राचीन कला केंद्र का यह आज का रंग भी देखने वाला था। एक कलामय माहौल। गीत, संगीत और डांस के अनुभवों की ऊंचाई।  दूर दराज से आए कलाकारों से मिल कर और उनकी परफॉर्मेंस को देख कर यूं लगता था जैसे हम किसी अंतर्राष्ट्रीय आयोजन में मौजूद हों। 

प्राचीन कला केंद्र ने आज यहां अपने एम.एल. कौसर  इंडोर ऑडिटोरियम दोपहर 12:00 बजे  एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया।  केंद्र ने अपनी नयी उपलब्धि का विस्तृत परिचय देने हेतु  प्रेस से मुलाकात की।  इस नए कार्यक्रम के तहत केंद्र के मोहाली परिसर में "गुरु शिष्य परम्परा" के सानिध्य में विभिन्न शास्त्रीय शैलियों के श्रद्धेय गुरुओं के सक्षम मार्गदर्शन में "विधिवत तालीम"   देने के लिए तीन वर्षीय कोर्स की शुरुआत की गई है।   यहां उल्लेख करना प्रासंगिक है कि केंद्र में शास्त्रीय कला के क्षेत्र में तालीम प्राप्त करने वाले विदेशी और भारतीय छात्रों के लिए मेस सुविधाओं के साथ एक सुसज्जित छात्रावास है। विभिन्न देशों से ICCRऔर PKK छात्रवृत्ति के माध्यम से कुछ छात्र पहली अक्टूबर, 2022 से इस गहन शिक्षण कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। इसी कार्यक्रम के परिचय के दौरान  इन विदेशी छात्रों द्वारा अपने अपने देश की कला का बखूबी प्रदर्शन किया गया।  अपने देश की पारम्परिक वेश भूषा में सजे इन छात्रों ने अपनी देश की कला और संगीत की सुन्दर झलकियां पेश की।  कज़ाकिस्तान और बांग्लादेश से आये इन छात्रों ने अपने देश की कला और संस्कृति का परिचय दिया  

गुरु शिष्य परंपरा का महत्व
अखण्डमंडलकरम व्याप्तम येना चरचाराम |
तत्पदं दर्शीतं ये तस्माई श्रीगुरुवे नमः ||
(उस महान गुरु को नमन, जिसने उस अवस्था को साकार करना संभव बनाया जो पूरे ब्रह्मांड में, सभी जीवित और मृत में व्याप्त है।)
इतिहास और संस्कृति से समृद्ध देश, भारत ने आदिकाल से ही यह महसूस किया है कि युवा व्यक्तित्व  के विकास में एक गुरु का क्या महत्व है। भारतीय संस्कृति में गुरु की भूमिका किसी विषय को पढ़ाने वाले से परे होती है। अपने गुरु से सीखे गए पाठ कहीं अधिक जटिल होते हैं, क्योंकि वे दुनिया के लिए छात्र की आंखें खोलते हैं और अपने विचारों को सही दिशा देते हैं जिसमें उन्हें अपनी ऊर्जा का उपयोग बढ़ाने और  समृद्ध होने और सफल होने के लिए करना चाहिए।

प्राचीन कला केंद्र के तत्वावधान में छात्र विभिन्न गुरुओं- गुरु शोभा कौसर  जी, गुरु सौभाग्य वर्धन, गुरु बृजमोहन गंगानी, डॉ समीरा कौसर , श्री परवेश और योगी आशु प्रताप से सीखेंगे। कार्यक्रम के लिए छात्रों का पहला बैच पहले ही देश के विभिन्न हिस्सों से और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हमारे साथ जुड़ चुका है।  

ये छात्र जल्द ही अपनी कक्षाएं शुरू करेंगे और अपनी कला-रूपों की बारीकियों को सीखने के साथ-साथ अपने गुरुओं के अनुभवों जो अपने क्षेत्र में उस्ताद हैं और युवा कलाकारों के लिए ज्ञान की सोने की खान से सीखेंगे! 60 से अधिक वर्षों से, प्राचीन कला केंद्र ने कला और संस्कृति के बारे में ज्ञान को बढ़ाने और फैलाने का प्रयास किया है और यह कार्यक्रम उस दिशा में अगला कदम होगा!

कुल मिला कर आज का आयोजन एक नई भव्य शुरुआत का शुभारम्भ था--एक  उदघोषणा जैसा-- जैसा था। प्राचीन कला केंद्र के भव्य सभागार के शांत माहौल में संगीत और नृत्य की लहरियां निमंत्रण दे रही थीं कि आओ और  डुबकी लगाओ। कला के इस आसमान में उड़ान भरो। 

निरंतर सामाजिक चेतना और जनहित ब्लॉग मीडिया में योगदान दें। हर दिन, हर हफ्ते, हर महीने या कभी-कभी इस शुभ कार्य के लिए आप जो भी राशि खर्च कर सकते हैं, उसे अवश्य ही खर्च करना चाहिए। आप इसे नीचे दिए गए बटन पर क्लिक करके आसानी से कर सकते हैं।

Saturday, September 24, 2022

परंपरा: प्राचीन कला केन्द्र के छात्रों द्वारा खूबसूरत प्रस्तुतियां

24th September 2022 at 5:28 PM
 अपने गुरूओं से प्राप्त संगीत शिक्षा का बखूबी प्रदर्शन किया 

मोहाली
: 24 सितंबर 2022: (कार्तिका सिंह//संगीत स्क्रीन)::

झुलसा वाली गर्मी ने विदा लेनी शुरू कर दी
और तन को शी
त लहर का अहसास कराने वाली सर्दियों ने भी दस्तक दे दी है। मौसम सुहावना सा हो चला है। दिल दिमाग प्रकृति के संगीत से झंकृत होते भी महसूस होने लगते हैं। निरंतर हो रही बरसात इस महत्वपूर्ण तब्दीली की गवाही भी दे रही थी। 
बारिश के कारण रास्ते भी पानी से भरे हुए थे लेकिन  बहुत से लोग इस का आनंद लूट रहे थे। एक आनंद सा छाया हुआ था। बरसात की एक रिमझिम बाहर हो रही थी और संगीत की एक रिमझिम हाल के अंदर सभी के अंतर्मन पर हो रही थी। सब अपने आप में व्यस्त और मगन। ऐसा कोई नहीं था जो मन और अंतरात्मा को मिल रही शीतलता का आनंद न उठा रहा हो। बाहरी मौसम की तब्दीली के साथ साथ अंतर्मन भी एक तब्दीली चाह रहा था और वह तब्दीली दिखने भी लगी लेकिन इसकी गवाही कौन दे? चंडीगढ़ और मोहाली में स्थित प्राचीन कलाकेंद्र के दोनों परिसरों में आज भी चहल पहल थी। गुरुकुल के सम्मान की तरह शिक्षा पाए हुए छात्र छात्राएं अपने रंग में रंगे हुए थे। उनके अंतर्मन में संगीत के आनंद की बरसात हो रही थी जो जन्मों जन्मों के ताप संताप हर लेती है। इस संगीत की सुर के साथ मिल कर बारिश की बूँदें किसी अमृत वर्षा की तरह महसूस हो रहीं थीं। 

गौरतलब है कि प्राचीन कला केन्द्र आज किसी परिचय का मोहताज नहीं, भारत की प्राचीन कलाओं को संजोने और बढ़ावा देने को अद्भुत कार्य प्राचीन कला केन्द्र पिछले 6 दशकों से निरंतर करता आ रहा है। केन्द्र के मोहाली और चंडीगढ़ काम्पलेक्स में छात्र भारतीय संगीत कलाओं की विधिवत शिक्षा प्राप्त करते हैं और केन्द्र युवा छात्रों को मंच प्रदान करके उनकी प्रतिभा को निखारने का कार्य भी सफलतापूर्वक कर रहा है । इसी कड़ी में केन्द्र की सिलसिलेवार ‘‘परंपरा’’ का आयोजन मासिक कार्यक्रम के तहत किया जाता है । आज केन्द्र की परम्परा केन्द्र के मोहाली स्थित डॉ.शोभा कौसर सभागार में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें छात्रों ने अपने गुरूओं से प्राप्त संगीत शिक्षा का बखूब प्रदर्शन किया । कार्यक्रम का आयोजन सायं 4 बजे से किया गया । इस कार्यक्रम में विधिवत शिक्षा दे रहे गुरू प्रवेश कुमार,दविंदर सिंह और हृदयकांत के निर्देशन में छात्रों ने मंच प्रदर्शन किया । फाईन आर्ट्स के छात्रों की कुछ खूबसूरत पेंटिग्स का भी इस अवसर पर प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम का आरम्भ सरस्वती वंदना से किया गया
जिसके बोल थे वंदना को स्वर समर्पित । इसके उपरांत राग भोपाली में गिटार वादन पेश किया गया और खूबसूरत गत पेश करके छात्रों ने खूब तालियां बटोरी । इसके पश्चात राग भाग्यश्री में छात्रों द्वारा बड़े ख्याल की रचना ‘‘प्रीत लागी’’ पेश की गई साथ ही छोटे ख्याल में निबद्ध रचना ‘‘कौन करत’’ प्रस्तुत की गई । इसके उपरांत तराना पेश किया गया जिसे दर्शकों ने खूब सराहा । सामूहिक रूप से गायन करते छात्रों में खूबसूरत सामंजस्य नजर आया।

इसके पश्चात एकल गिटार वादन पेश किया गया जिसमें फलेवरस ऑफ फिंगर स्टाईल गिटार पेश की । इसके उपरांत एक भजन ‘‘तू मेरी राक्खो लाज हरि’’ जोकि अहीर भैरवी में निबद्ध था पेश किया गया । इसके पश्चात एक अन्य एकल गिटार वादन जो कि भैरवी में निबद्ध था प्रस्तुत किया गया । कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए एक खूबसूरत कव्वाली जो कि पहाड़ी राग में निबद्ध थी पेश की गई इस कव्वाली के बोल थे ‘‘भर दो झोली’’। कार्यक्रम के अंत में राग भैरवी में एक शब्द ‘‘बहुत जन्म’’ पेश किया गया।

कार्यक्रम के अंत में केन्द्र की  डिप्टी  रजिस्ट्रार डॉ.समीरा   कौसर ने छात्रों एवं गुरूओं को प्रशंसा भरे शब्दों से उत्साहित किया । इस अवसर पर छात्रों को सटीर्फिकेट भी प्रदान किए गए।

समाजिक चेतना और जन सरोकारों से जुड़े हुए ब्लॉग मीडिया को जारी रखने में निरंतर सहयोगी बनते रहिए। नीचे दिए गए बटन पर क्लिक करके आप सहजता से ही ऐसा कर सकते हैं। 

Thursday, August 11, 2022

केंद्र की 275 वी मासिक बैठक में अंजलि के कत्थक नृत्य से सजी शाम

 Thursday 12th Aug 2022 at 5:55 PM

आज भी दर्शक कार्यक्रम के समापन तक मंत्रमुगध हो कर बैठे रहे 


चंडीगढ़
: 12 अगस्त 2022: (गुरजीत बिल्ला//इनपुट-कार्तिका सिंह//संगीत स्क्रीन)::

पत्थरों का शहर  कहे जाने वाले चंडीगढ़ को जो लोग और जो संगठन जीवंत और संवेनदशील बनाए रखते हैं उनमें प्राचीन कला केंद्र भी एक है। इस संस्थान की ओर से नियमित तौर पर आयोजन किए जाते हैं जो संगीत को समर्पित होते हैं। इन आयोजनों में शामिल होने का मतलब होता है दुनिया की भागदौड़ और तनाव से अलग हो कर स्वतः ही स्वयं से जुड़ा, प्रकृति से जुड़ना, संगीत से जुड़ना और भगवान से जुड़ना। बिना कोई मेडिसिन और नशा लिए एक खुमारी में डूब जाना। आज भी यहाँ एक विशेष आयोजन थे। 

चंडीगढ़ ही नहीं बल्कि देश की जानी मानी सांगीतिक संस्था प्राचीन कला केन्द्र पिछले 23  वर्षों से लगातार मासिक बैठकों का निरंतर आयोजन करता आ रहा है  जिसमें देशभर से ही नहीं बल्कि विदेशों में बसे  विभिन्न शास्त्रीय कलाओं में पारंगत कलाकार भाग ले चुके हैं ।  इन बैठकों में वरिष्ठ कलाकारों से लेकर उभरते कलाकारों ने अपनी खूबसूरत प्रस्तुतियों से संगीत प्रेमियों का मनोरंजन किया है   और ये सिलसिला आज भी  जारी है।

आज की बैठक में दिल्ली की युवा एवं प्रतिभावान कत्थक नृत्यांगना अंजलि मुंजाल ने खूबसूरत  कत्थक नृत्य की प्रस्तुति पेश की  । अंजलि अल्पायु से ही कत्थक नृत्य सीख रही है । उन्होंने कत्थक की विधिवत शिक्षा अपने गुरु विधा लाल से प्राप्त की है  । अंजलि के नृत्य में उनका कठिन परिश्रम,रियाज़ और अभिनय अंग पर खास पकड़ उन्हें संगीत जगत में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण पहलू रहा है ।

अंजलि ने  कार्यक्रम की शुरूआत श्री गणेश वंदना  से की जिस में अंजलि ने नृत्य के माध्यम से भगवन गणेश को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किये  उपरांत अंजलि  ने  शुद्ध पारम्परिक कत्थक नृत्य प्रस्तुत किया  जिस में तीन ताल में निबद्ध आमद , परन, तिहाई,तोड़े,टुकड़े,गत निकास,चक्र लड़ी आदि प्रस्तुत किया ।

कार्यक्रम का समापन अंजलि ने एक खूबसूरत रचना "बिजुरी चमके "  से किया जोकि मौसम के अनुसार राग मिया मल्हार में निबद्ध थी । इसके उपरांत  अंजलि ने कुछ पारम्परिक बंदिशें भी पेश की।   अंजलि ने अभिनय अंग,पैरों की चालों एवं नृत्य की खूबसूरत मुद्राओं से कार्यक्रम को चार चांद लगा दिए ।

अंजलि के साथ अमान अली  ने तबले  पर , आमिर अली ने सारंगी पर  और सुहेब हसन ने गायन  पर और सोनम यादव ने पडंत पर बखूबी  संगत की कार्यक्रम के अंत में केंद्र की रजिस्ट्रार डॉ शोभा कौसर एवं सचिव श्री सजल कौसर ने कलाकारों को सम्मानित किया। 

Saturday, June 18, 2022

सुरोताल सुसज्जित संध्या में उभरते कलाकारों ने जमाया रंग

18th June 2022 at 5:28 PM

‘‘सुरोताल सुसज्जित संध्या’’ प्राचीन कला केन्द्र की एक और उपलब्धि 


चंडीगढ़
: 18 जून 2022: (कार्तिका सिंह//संगीत स्क्रीन)::

प्राचीन कला केन्द्र पिछले 70 दशकों से निरंतर संगीत कला की स्वार्थहीन सेवा अपने अनथक प्रयासों से करता आ रहा है । प्राचीन कला केन्द्र न सिर्फ जाने माने कलाकारों की कला को कला प्रेमियों तक पहुंचाता है बल्कि आने वाले कल के युवा एवं उभरते कलाकारों को मंच देने का विलक्षण कार्य भी केन्द्र निरंतर करता आ रहा है । इसी कड़ी में आज एक विशेष सांगीतिक कार्यक्रम ‘‘सुरोताल सुसज्जित संध्या’’ का आयोजन प्राचीन कला केन्द्र द्वारा किया गया जिसमें चंडीगढ़ के कई उभरते कलाकारों द्वारा खूबसूरत प्रस्तुतियां पेश की गई और इन कलाकारों ने न सिर्फ केन्द्र से बल्कि गुरू शिष्य परम्परा के तहत अपने माननीय गुरूओं से भी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं ।

आज के कार्यक्रम का आयोजन केन्द्र के एम.एल.कौसर सभागार में किया गया और इस कार्यक्रम में नन्हें पदमाकार कश्यप,उज्जवला मुरूगन,रिया चक्रवर्ती,श्रद्धा मुरलीधरन एवं सुहानी शर्मा ने अपनी कला प्रतिभा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया ।

आज के कलाकारों में सब अपने आप में विलक्षण है । नन्हें पदमाकर कश्यप जो कि मात्र आठवीं के छात्र है और अपने पिता एवं गुरू प्रभाकर कश्यप और चाचा दिवाकर कश्यप से संगीत की शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं । संगीत इनके खून में बसा है ।

दूसरी कलाकार उज्जवला मुरुगन एक उच्च स्तरीय आईएएस माता-पिता की संतान है । 11 वीं की  प्रतिभावान छात्रा उज्जवला न सिर्फ संगीत में रूचि रखती है बल्कि खेलकूद और पढ़ाई में भी उनकी गहरी रूचि है । इन्होंने संगीत की शिक्षा अपने पहले गुरू यशपाल शर्मा के अलावा उज्जवला  प्रो.हरविंदर सिंह से संगीत की बारीकियां सीख रही है ।

आज की तीसरी कलाकार सुहानी शर्मा भी आईएएस माता-पिता की संतान है जो दसवीं की छात्रा है और अपने गुरू अमित गंगानी से पिछले पांच वर्षो से तबला की शिक्षा ग्रहण कर रही है । सुहानी ने प्राचीन कला केन्द्र से भी संगीत भूषण डिप्लोमा प्राप्त किया है ।

आज की चौथी कलाकार श्रद्धा मुरलीधरन डाक्टर दंपति की विलक्षण संतान है । 22 वर्षीय युवा श्रद्धा स्वयं एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है लेकिन संगीत में भी उनकी गहरी रूचि है । इन्होंने अपने गुरू प्रो.सौभाग्य वर्धन जी से संगीत की शिक्षा प्राप्त की है । बाबा हरिवल्लभ सम्मेलन में जूनियर कंपीटिशन में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी श्रद्धा अब तक बहुत से कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुतियांे से संगीत प्रेमियों को अवगत करवा चुकी है ।

आज के कार्यक्रम की अंतिम प्रस्तुति उपरोक्त सभी कलाकारों से थोड़ी अलग है क्यों कि हमारी पांचवी कलाकार रिया अग्रवाल विशेष रूप से सक्षम हैं क्योंकि न तो रिया ठीक से बोल पाती है न सुन पाती है, लेकिन इस कठिन परिस्थिति में भी हौसलों से भरी रिया को जब गुरू डॉ.शोभा कौसर के शिष्यत्व की छांव मिली तो उसकी तपती जिंदगी को एक नया आयाम मिला । रिया गुरू डॉ.शोभा कौसर के शिष्यत्व में कथक सीख रही है और बखूबी अपनी कला को निखार रही है ।

आज के कार्यक्रम की शुरूआत पदमाकर कश्यप के गायन से हुई । राग मालकौंस में पदमाकार ने झपताल में निबद्ध रचना ‘‘प्रथम कर ओम’’ पेश की और इसके बाद छोटे ख्याल की रचना ‘‘सियापति राम कृष्णा राधा’’ । इसके पश्चात द्रुत लय में निबद्ध ‘‘आवें नहीं देत मोहे कन्हाई’’ पेश की । कार्यक्रम के अंत में एक भजन ‘‘ऐसे ही गुुरू भावे’’ पेश करके खूब सराहना प्राप्त की।

इसके पश्चात उज्जवला मुरूगन ने मंच संभाला और राग बागेश्री में आलाप के बाद विलम्बित ख्याल की रचना ‘‘कौन गत भई’’ पेश की । उपरांत द्रुत रचना ‘‘कौन करत तोरी विनती पिहरवा’’ पेश करके खूब तालियां बटोरी । उज्जवला ने कार्यक्रम के अंत में तराना पेश किया ।

इसके पश्चात सुहानी शर्मा ने तबला वादन प्रस्तुत किया जिसमें उन्होंने तीन ताल में तबले की प्रस्तुति पेश की । पेशकार,कायदे,रेले,गतें इत्यादि पेश करके खूब प्रशंसा हासिल की ।

कार्यक्रम की अगली पेशकश में श्रद्धा मुरलीधरन ने राग बिहाग से सजी बड़े ख्याल की बंदिश ‘‘का से कहंू मन की व्यथा’’ जो कि चतुश ताल में निबद्ध थी पेश की इसके उपरांत छोटे ख्याल की रचना ‘‘गुण गाऊँगी वीरन पथिकवा’’ प्रस्तुत की । कार्यक्रम के अंत में उन्होंने एक भजन ‘‘मन लगो मेरा यार फकीरी में’’ प्रस्तुत की जिसे दर्शकों ने खूब सराहा ।

कार्यक्रम की अंतिम प्रस्तुति में रिया अग्रवाल की कथक प्रस्तुति पेश की गई । इसमेें सबसे पहले रिया ने आलाप से शुरूआत करके गुरू वंदना पेश की । उपरांत धमार ताल 14 मात्रा में निबद्ध पर कथक नृत्य पेश किया । कार्यक्रम के अंत में तीन ताल से सजी कथक के कुछ पारम्परिक अंग जैसे कवित्त,तोड़े,टुकड़े,चालें इत्यादि बेहद खूबसूरती से पेश की । रिया ने अपने खूबसूरत नृत्य से इस बात की पुष्टि की कि इंसान चाहे तो दुनिया के हर असंभव काम को संभव किया जा सकता है बेशर्त हमारे पास इच्छा शक्ति हो । 

कार्यक्रम के अंत में केन्द्र की रजिस्ट्रार डॉ.शोभा कौसर,सचिव श्री सजल कौसर ने कलाकारों को मोमेंटो और सर्टिफिकेट  देकर सम्मानित किया गया ।


Thursday, June 16, 2022

डाॅ.रागेश्री दास द्वारा खूबसूरत गज़लों की शाम ने मोहा दर्शकों का मन

16th June 2022 at 5:59 PM

प्राचीन कला केन्द्र द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन

   श्रीमती गंधर्व वर्मा की पहली पुण्यतिथि पर इस अंदाज़ मेंर ही संगीतमय शाम     


चंडीगढ़
: 16 जून 2022: (संगीत स्क्रीन ब्यूरो)::
श्रीमती गंधर्व वर्मा की पहली पुण्यतिथि पर इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन प्राचीन कला केन्द्र द्वारा यहां केन्द्र के एम.एल.कौसर सभागार में खूबसूरत गजलों से सजी शाम का आयोजन किया गया । जिसमें कोलकाता की प्रसिद्ध गायिका रागेश्री दास द्वारा गजल,ठुमरी,दादरा इत्यादि की खूबसूरत एवं मनमोहक प्रस्तुति पेश की गई । इस कार्यक्रम का आयोजन केन्द्र की कार्यकारिणी समिति की पूर्व मेंबर एवं एक विलक्षण कलाकार स्वर्गीय श्रीमती गंधर्व वर्मा की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर किया गया ।

आज के कार्यक्रम की कलाकार डाॅ.रागेश्री दास युवा पीढ़ी की बेहद प्रतिभावान एवं आकर्षक कलाकार है । इन्होंने अपने पिता पुरनेनंदू दास के अलावा गुरू पंडित मोहन लाल मिश्रा एवं विदुषी रीता गांगुली से शिक्षा प्राप्त की । इन्होंने देशभर मे अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों के दिल में खास जगह बनाई ।

आज के कार्यक्रम की शुरूआत इन्होंने खूबसूरत गज़ल  फिर मुझे दीदा-ए-तर याद आया से की। इसके उपरांत इन्होंने एक और खूबसूरत गीत अपने चेहरे से जो जाहिर है और दिल-ए-नादां  तुझे हुआ क्या है पेश करके खूब तालियां बटोरी। 

इसके पश्चात कुछ और खूबसूरत गज़ल फासले ऐसे भी होंगे ,रस्में उल्फत सिखा गया,  कोई वो दिल नवाज है जैसी ग़ज़लें पेश करके दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद इन्होंने एक मधुर दादरा साजन मेरा छोड़ गया पेश किया और अंत में राग भैरवी पर आधारित रचना मृगनयनी तोरी आंख पेश की ।

कार्यक्रम में इनके साथ तबले पर शहर के प्रसिद्ध तबला वादक आविर्भाव वर्मा,हारमोनियम पर तरूण जोशी एवं सारंगी पर कोलकाता के अल्ला रक्खां कलावंत ने बखूबी साथ दिया। केन्द्र के सचिव श्री सजल कौसर ने बखूबी मंच संचालन किया और डाॅ.शोभा कौसर ने कलाकारों को सम्मानित किया ।


Saturday, April 30, 2022

रमनीक सिंह की रमणीय प्रस्तुति से दर्शक मंत्रमुग्ध

30th April 2022 at 06:43 PM

 तीन ताल से सजी द्रुत ख्याल की बंदिश बहुत ही यादगारी रही 

चंडीगढ़: 29 अप्रैल 2022: (गुरजीत बिल्ला//संगीत स्क्रीन//पंजाब स्क्रीन)::

प्राचीन कला केन्द्र द्वारा एक विशेष सांगीतिक संध्या का आयोजन केन्द्र के एम.एल.कौसर सभागार में सायं 6:30 बजे से किया गया। इस कार्यक्रम में कनाडा निवासी रमनीक सिंह ने अपने शास्त्रीय गायन की मधुर प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया । इस प्रस्तुति के दौरान कोविड नियमों जैसे मास्क एवं सामाजिक दूरी का पालन किया गया । इस अवसर पर केन्द्र के सचिव श्री सजल कौसर एवं केन्द्र की रजिस्ट्रार डॉ. शोभा कौसर भी उपस्थित थे।  

कनाडा में जन्मी रमनीक सिंह इंदौर घराने की युवा शास्त्रीय गायिका है। इन्होंने इंदौर घराने के महान उस्ताद अमीर खां साहिब से संगीत की शिक्षा प्राप्त की । इन्होंने ठुमरी, ख्याल, तराना, शब्द इत्यादि में महारत हासिल की । देश-विदेश के विभिन्न स्थानों पर अपनी प्रस्तुतियों से प्रसिद्धि हासिल की ।

आज के कार्यक्रम की शुरुआत राग मुल्तानी से की । पारम्परिक आलाप के पश्चात विलम्बित ख्याल में निबद्ध एक ताल की रचना गोकुल गांव के छोरा रे प्रस्तुत की । इसके पश्चात तीन ताल से सजी द्रुत ख्याल की बंदिश सुंदर सुरजनवा
सईंया रे प्रस्तुत करके दर्शकों की तालियां बटोरी । इसक उपरांत स्वरचित तराना पेश करके रमनीक ने दर्शको को मंत्रमुग्ध कर दिया । इसके पश्चात राग धानी में आड़ा तीन ताल से सजी रचना चतुर बलमा सईंया मोरा पेश की । उपरांत राग देश से सजी शब्द जिसके सिर उपर तू स्वामी पेश किया और साथ ही राग खमाज में एक सुंदर ठुमरी कौन गली गयो श्याम पेश की। 

कार्यक्रम के अंत में रमनीक ने राग भैरवी से सजी पंजाबी लोक गीत हीर से समां बांध दिया। रमनीक ने संगीत के हर रंग पेश करके दर्शकों की प्रशंसा अर्जित की । इनके साथ मंच पर तबले पर महमूद खां एवं हारमोनियम पर राकेश कुमार ने संगत की ।

कार्यक्रम के अंत में श्री सजल कौसर एवं    डॉ. शोभा कौसर ने कलाकारों को पुष्प देकर सम्मानित किया।